मोकामा के मोर में बाढ़ के पानी में युवक डूबा।

मोकामा। टाल में उफनती नदियों के कारण कई गांव जलमग्न हो गए हैं। शुक्रवार सुबह ऐसे ही जलजमाव वाले एक गांव में नहाने के दौरान एक युवक डूब गया। घटना मोकामा थानाक्षेत्र अंतर्गत मोर गांव की है।

मोर के रेलवे स्टेशन की ओर मोर से तारतर जाने वाली सड़क पर एक पुल है। इस बार टाल में अत्यधिक पानी आने के कारण पुल के नीचे काफी पानी है और लोग यहां स्नान भी करते हैं। शुक्रवार को भी कुछ लोग यहां नहा रहे थे। इसी दौरान 18 वर्षीय शुभम अचानक असंतुलित होकर गहरे पानी में चला गया।

जब तक कोई कुछ समझ पाता तब तक शुभम पानी में डूब चुका था। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो यहां पानी कुछ जगह काफी गहरा है तो कुछ जगह जमीन ऊंची होने के कारण जलस्तर कम है। इसी कारण शुभम को पानी के जलस्तर का अंदाजा नहीं रहा और वह गहरे पानी में चला गया।

जैसे ही मोर गांव में शुभम के डूबने की खबर पहुँची घर में चीत्कार मच गया। शुभम रंजीत साहनी का बेटा था। गांव के वार्ड नं 12 का निवासी था। शुभम की तलाश में पुल किनारे सैंकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस की टीम भी वहां पहुँची लेकिन दोपहर 12 बजे के बाद तक शुभम का कोई अता पता नहीं चला था। परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल है।

टिप्पणियाँ बंद हो जाती हैं, लेकिन Trackbacks और Pingbacks खुले हैं।

error: Content is protected !!