सबसे अमीर विधायकों में एक हैं मोकामा के अनंत सिंह, इतने करोड़ की है संपत्ति
पटना। बिहार भले ही बीमारू और गरीब राज्य माना जाता हो। लेकिन, यहां के विधायक न तो गरीब हैं ना ही शरीफ। धनबल की बात करें तो बिहार के 67 प्रतिशत विधायक करोड़पति हैं। जदयू के तो 73 प्रतिशत विधायक करोड़पति हैं। कांग्रेस के 68 प्रतिशत विधायक करोड़पति हैं। राजद के 63 प्रतिशत विधायक करोड़पति हैं और भाजपा के 61 प्रतिशत विधायक करोड़पति हैं।
बिहार में पिछले विधानसभा चुनाव में मौजूदा विधायकों ने चुनाव आयोग को जो जानकारी दी थी, उसके आधार पर बिहार इलेक्शन वॉच और एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म (एडीआर) ने एक रिपोर्ट तैयार की है। इसमें विधायकों पर दर्ज आपराधिक मामले, उनकी संपत्ति और देनदारियों का विवरण है।
इस रिपोर्ट के अनुसार बिहार के वर्तमान विधायकों की औसत संपत्ति 3.06 करोड़ रुपए है। राज्य के तीन विधायकों के पास ही 100 करोड़ से ज्यादा की कुल संपत्ति है। इनमें खगड़िया से जदयू विधायक पूनम देवी यादव के पास सबसे ज्यादा 41 करोड़ रुपए की संपत्ति है। वहीं कांग्रेस के भागलपुर से विधायक अजीत शर्मा के पास 40 करोड़ रुपए की संपत्ति है। मोकामा से निर्दलीय बाहुबली विधायक अनंत सिंह 28 करोड़ के मालिक हैं। हालांकि उन पर 4 करोड़ रुपए का कर्ज भी है।
राज्य से सबसे कम संपत्ति वाले विधायकों में जदयू के रानीगंज से विधायक अवमित ऋषि देव का नाम टॉप पर है, जिनके पास सिर्फ 9.8 लाख रुपए की संपत्ति है। राज्य में पांच निर्दलीय विधायक हैं और पांचों ही करोड़पति हैं। पांच निर्दलीय में मोकामा के अनंत सिंह सबसे अमीर और राज्य के तीसरे सबसे धनी विधायक हैं। साथ ही मौजूदा विधायकों में विधायक रहते हुए सबसे लंबे समय तक जेल में रहने वाले भी अनंत सिंह ही हैं।
टिप्पणियाँ बंद हो जाती हैं, लेकिन Trackbacks और Pingbacks खुले हैं।