मोकामा में राजग कार्यकर्ताओं ने भरी हुंकार, नहीं आने देंगे जंगलराज

मोकामा में राजग कार्यकर्ताओं ने भरी हुंकार, नहीं आने देंगे जंगलराज

मोकामा। जदयू उम्मीदवार राजीव लोचन ने शुक्रवार को राजग कार्यकर्ता सम्मेलन के साथ अपने चुनाव अभियान की शुरुआत की। न्यू सिनेमा परिसर में हुई बैठक में कुमार शानू ने स्वागत करते हुए कहा कि मोकामा के गौरव में चार चांद लगाने के लिए निपुण, दूरदर्शी और स्वच्छ छवि के नेतृत्वकर्त्ता की आवश्यकता है। जदयू बाढ़ जिला संगठन अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मोकामा में बदलाव की राजनीति का मौका दिया है। राजग के कार्यकर्ता इस बार राजीव लोचन को जिताकर बदलाव की नई इबारत लिखेंगे। राजीव लोचन ने कहा कि तीन दशकों से मोकामा का विकास बाधित है। इसे पाटने के लिए राजग सरकार बनाना और मोकामा को कुशल नेतृत्व देने की आवश्यकता है।
सामाजिक कार्यकर्ता गोरख सिंह ने कहा कि मोकामा को 30 वर्षों के आपराधिक नेतृत्व से मुक्ति दिलाने का मौका आ गया है। डॉ सच्चिदानंद सिंह ने कहा कि अगर इस बार हमने राजीव लोचन को नहीं जिताया तो पूरे देश में संदेश जाएगा कि मोकामा में अच्छे लोग राजनीति नहीं कर सकते हैं। भाजपा नेता उदय सिंह ने कहा कि लूटपाट और जंगलराज के दौर की पुनरावृत्ति मोकामा की जनता नहीं चाहती। आशीष कुमार सोनू ने कहा युवाओं ने अब निरक्षर और निरंकुश नेतृत्व से मोकामा को आजाद करने का संकल्प ले लिया है। इस अवसर पर मोकामा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित हुए। कोरोना को लेकर सोशल डिस्टेंस और अन्य मापदंडों का पालन किया गया।

टिप्पणियाँ बंद हो जाती हैं, लेकिन Trackbacks और Pingbacks खुले हैं।

error: Content is protected !!